दुष्कर्म के लिए प्राचीन भारत के दंड—विधान

बृजेश मिश्र, सह संपादक


पिछले दिनों पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। दूसरी ओर हत्यारों को सजा दिलाने के लिए कोलकाता में आए दिन प्रदर्शन हो रहे हैं। ऐसी घटनाएं केवल पश्चिम बंगाल में ही नहीं, देश के अन्य राज्यों में भी हो रही हैं। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ऐसे अपराधियों को कठोर सजा दिलाने की बात कर रहे हैं। ऐसा भी नहीं है कि बलात्कारियों को सजा देने के लिए कानून नहीं है, लेकिन कानून में मौजूद कमियों का लाभ उठाकर अपराधी बच जाते हैं। मौजूदा कानून—व्यवस्था दुष्कर्म जैसा कृत्य करने वाले अपराधियों को सजा देने में विफल रही है। यही नहीं, अपराधियों की उम्र के आधार पर बालिग और नाबालिग की श्रेणी में रखकर दंड देती है। जो युवा किसी महिला का बलात्कार कर सकता है वह नाबालिग कैसे हो सकता है? तो हमारी मांग सरकार से यह भी होनी चाहिए कि जो दुष्कर्म जैसा कृत्य कर सकता है वह अपराधी है उसे नाबालिग नहीं माना जाना चाहिए।

प्राचीन भारत में दुष्कर्म के विरुद्ध कैसे थे दंड के विधान ?
मनुस्मृति (8/350) में कहा गया है कि चाहे गुरु हो या बालक (नाबालिग) हो, चाहे वृद्ध हों या फिर ब्राह्मण तथा शास्त्रज्ञ ही क्यों न हों, यदि वे आततायी हों, अधर्म करने वाले हों, दूसरों को बिना अपराध मारने वाले हों, तो उन्हें विना विचार किए मार डालना चाहिए।

बलात्कारी के लिए बलात्कार की जघन्यता के अनुरूप अंग-भंग से लेकर मृत्यु तक जैसे कठोर दंड का विधान होना चाहिए। मनुस्मृति में इस बारे में स्पष्ट निर्देश पाए जाते हैं। मनुस्मृति के (8/352) में कहा गया है कि स्त्रियों से बलात्कार और व्यभिचार के करने वाले अपराधियों के हाथ, पैर काटने के साथ ही उन्हें यातनापूर्ण तथा व्याकुलता पैदा करने वाले दण्ड देने चाहिए। साथ ही उन्हें देश से निकाल देना चाहिए। मनुस्मृति में स्त्रियों को सदा रक्षा करने योग्य बताया गया है।
मनुस्मृति के अलावा नारदस्मृति के अनुसार उस समय दुष्कर्म करने वाले को शारीरिक दण्ड देने का प्रावधान था। विधिशास्त्री कात्यायन ने ऐसे आरोपी को मृत्युदण्ड दिए जाने की सजा का प्रावधान किया था।

याज्ञवल्क्य स्मृति में सम्पत्तिहरण और प्राणदण्ड दिए जाने के बारे में उल्लेखित है। आचार्य चाणक्य ने भी अर्थशास्त्र में दुराचारी के सम्पत्ति का हरण, शारीरिक दंड एवं मृत्यु दंड तक का प्रावधान बताया है।

प्राचीन भारत में बलात्कार के मामले में पीडि़ता की सामाजिक स्थिति, आयु और अन्य परिस्थितियों को भी देखते हुए दंड का निर्धारण किया जाता था।

इस प्रकार हम पाते हैं कि भारतीय परंपरा में तो बलात्कारियों के लिए बहुत ही कठोर दंड विधान थे।